सोनौली: हरदी डाली गांव के अंडरग्राउंड बेसमेंट में मिले सांपों का झुंड, इलाके में दहशत
सोनौली: हरदी डाली गांव के अंडरग्राउंड बेसमेंट में मिले सांपों का झुंड, इलाके में दहशत
वन विभाग को दी गई सूचना, रेस्क्यू टीम के पहुंचने का इंतजार
गांव वालों में फैली सनसनी, बेसमेंट को किया गया सील।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
सोनौली थाना क्षेत्र के हरदी डाली गांव से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। गांव के एक मकान के अंडरग्राउंड बेसमेंट में सांपों का झुंड देखा गया है। मकान मालिक जब किसी काम से बेसमेंट में गया तो वहां सैकड़ों की संख्या में सांप रेंगते नजर आए। यह दृश्य देखकर उसकी चीख निकल गई और उसने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी।
देखते ही देखते वहां भीड़ जमा हो गई और लोगों में डर और सनसनी फैल गई। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये सांप किस प्रजाति के हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार इतने सारे सांप एक ही जगह पर देखे हैं।
घटना की जानकारी तुरंत वन विभाग को दे दी गई है। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर रवाना हो गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए विशेष उपकरण और विशेषज्ञों की सहायता ली जा रही है।
गांव के प्रधान ने बताया कि किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए मकान के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई है और लोगों को दूर रहने की सलाह दी गई है। वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचने के बाद ही सांपों को सुरक्षित तरीके से बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू करेंगे।
फिलहाल गांव में डर का माहौल बना हुआ है और लोग बेसमेंट में मिले सांपों की प्रजाति और संख्या को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं। महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





