सोनौली बॉर्डर से मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद,आज है नेपाल का बजट दिवस
सोनौली बॉर्डर से मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद,आज है नेपाल का बजट दिवस
भंसार कार्यालय बंद रहने से नेपाल में नहीं गई एक भी मालवाहक गाड़ी, बॉर्डर पर व्यापारियों और पर्यटकों को हुई परेशानी।
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल के प्रमुख व्यापारिक द्वार सोनौली बॉर्डर पर गुरुवार को अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब भारत से नेपाल जाने वाली एक भी मालवाहक गाड़ी सीमा पार नहीं कर सकी। नेपाल सरकार के बजट दिवस के चलते वहां के भंसार (कस्टम) कार्यालय को एक दिन के लिए बंद कर दिया गया, जिससे सीमा पर माल की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई।
नेपाल सरकार का नया वित्तीय बजट आज पेश किया गया, और इसी कारण नेपाल प्रशासन ने कस्टम संबंधी सभी कार्यों को रोक दिया है। इस निर्णय से जहां व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा, वहीं पर्यटकों को भी बॉर्डर पर इंतजार करते देखा गया।
व्यापारियों ने बताया कि उन्हें बिना पूर्व सूचना के मालवाहक गाड़ियों को रोके जाने से भारी असुविधा हुई है। सीमावर्ती इलाकों में रोजमर्रा का व्यापार इस आवाजाही पर ही निर्भर करता है, और एक दिन का भी व्यवधान आर्थिक दृष्टि से नुकसानदायक होता है।
सूत्रों के अनुसार, नेपाल का बजट आने के बाद रात करीब 8:00 बजे से भंसार कार्यालय दोबारा कार्य करना शुरू कर देगा, जिसके बाद फिर से सामान्य तरीके से सीमा पर व्यापारिक गतिविधियां शुरू हो जाएंगी।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।





