नौतनवा तहसील परिसर में एसडीएम ने किया समरसेबुल का लोकार्पण
नौतनवा तहसील परिसर में स्वच्छ जल के लिए नई पहल, एसडीएम नवीन कुमार ने किया समरसेबुल का लोकार्पण
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: तहसील परिसर में आमजन को स्वच्छ और शीतल जल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को एक सराहनीय पहल की गई। तहसील परिसर स्थित शिव मंदिर की साफ-सफाई और परिसर में लगातार हो रही पेयजल किल्लत को देखते हुए समाजसेवी एवं ह्यूमन राइट्स के महाराजगंज जिला अध्यक्ष ऋषि जायसवाल द्वारा समरसेबुल (जल आपूर्ति उपकरण) लगवाकर उसे आमजन को समर्पित किया गया। इस नई सुविधा का उद्घाटन नौतनवा के एसडीएम नवीन कुमार ने किया।
इस अवसर की शुरुआत तहसील परिसर स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना से हुई। धार्मिक अनुष्ठान में एसडीएम नवीन कुमार, तहसीलदार, जायसवाल सभा के अध्यक्ष उमाशंकर जायसवाल, हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिला अध्यक्ष नरसिंह पांडे, ह्यूमन राइट्स के जिला अध्यक्ष ऋषि जायसवाल, जायसवाल समाज के युवा अध्यक्ष रिंकू जायसवाल, कृष्ण मुरारी जायसवाल, अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी ने विधिपूर्वक मां गंगा की आराधना करते हुए आरती उतारी और प्रसाद वितरण किया।
पूजनोपरांत कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण समरसेबुल का लोकार्पण रहा, जिसे औपचारिक रूप से तहसील परिसर में आमजन के उपयोग हेतु समर्पित किया गया। इस पहल से तहसील में आने वाले फरियादियों और कर्मचारियों को शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की सुविधा मिलेगी। साथ ही परिसर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम नवीन कुमार ने इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा, “तहसील परिसर में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था एक आवश्यक जनसेवा है, जिसे समाजसेवी ऋषि जायसवाल और उनकी टीम ने समय रहते पूरा कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।” उन्होंने ह्यूमन राइट्स टीम को इस जनकल्याणकारी प्रयास के लिए बधाई दी और भविष्य में भी समाजहित में इसी तरह कार्य करते रहने की उम्मीद जताई। महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





