बार्डर पर सक्रिय हुए अवैध हथियारों के सौदागर, सोनौली थाने मे रात भर चला उठा पटक, दो गए जेल
बार्डर पर सक्रिय हुए अवैध हथियारों के सौदागर, सोनौली थाने मे रात भर चला उठा पटक, दो गए जेल
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल सीमा पर अवैध हथियारों के सौदागर एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। नेपाल की ओर से भारतीय युवाओं को पिस्टल की सप्लाई की जा रही है। इस नेटवर्क का खुलासा उस समय हुआ जब सोनौली पुलिस ने रील बनाकर वायरल करने वाले दो युवकों को अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार युवकों से हुई पूछताछ में उन्होंने चौंकाने वाले खुलासे किए। युवकों ने बताया कि उन्होंने यह पिस्टल नेपाल से आए व्यक्तियों से बरगदवा बॉर्डर के पास खरीदी थी। इस मामले को लेकर पुलिस ने रातभर अभियान चलाया, जिसकी गूंज सुबह पूरे क्षेत्र में सुनाई दी।
चर्चा है कि पुलिस ने इस दौरान करीब आधा दर्जन युवकों को हिरासत में लिया और थाने में पूछताछ के लिए बैठा दिया। इन युवकों को छोड़ने के लिए रातभर थाने में उठक-पटक, मोल भाव चलती रही। सूत्रों के अनुसार कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इन युवकों की पैरवी करने थाने पहुंचे और मामला सुलझाने की कोशिश करते रहे।
हालांकि अंत में दो युवकों को अवैध पिस्टल रखने के आरोप में जेल भेज दिया गया, जबकि बाकी कुछ युवकों को शांति भंग की धारा में चालान कर पुलिस ने अपनी प्रक्रिया पूरी कर ली।
इन युवकों के परिजन अब पूरे इलाके में घूम-घूम कर पुलिसिया कार्यशैली की चर्चा कर रहे हैं और आरोप लगा रहे हैं कि उनके बच्चों को बेवजह परेशान किया गया।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष सोनौली अजीत प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि “चर्चाएं पूरी तरह निराधार हैं। गिरफ्तार किए गए दोनों युवक नेपाल से हथियार लेकर आए थे और बरगदवा क्षेत्र के सीमा क्षेत्र में उन्हें हथियार सप्लाई किया गया था। इनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।”
लेकिन इस गिरोह के पीछे कौन हैं, इसका खुलासा होना अभी बाकी है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





