नौतनवा नगर में विकास कार्यों का निरीक्षण, लापरवाही बर्दाश्त नहीं–अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी
नौतनवा नगर में विकास कार्यों का निरीक्षण, लापरवाही बर्दाश्त नहीं, गुणवत्ता हमारी प्राथमिकता–अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नगर पालिका परिषद नौतनवा में चल रहे निरंतर विकास कार्यों का जायजा लेने के उद्देश्य से पालिका अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी ने शुक्रवार को नगर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि “नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्य की गुणवत्ता ही हमारी प्राथमिकता है और जनता को बेहतर सुविधाएं देना हमारा कर्तव्य है।”
निरीक्षण के क्रम में अध्यक्ष श्री त्रिपाठी सबसे पहले वार्ड नं.6 बाल्मीकिनगर पहुंचे, जहां उन्होंने मर्चाहे बाबा की कुटी परिसर में निर्माणाधीन धर्मशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा और संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया कि निर्माण में किसी भी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही न हो।
इसके बाद वे वार्ड नं.13 महेन्द्रनगर पहुंचे, जहां नाले के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। अध्यक्ष ने कार्य की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके उपरांत पालिका अध्यक्ष ने वार्ड नं.7 घनश्याम नगर का दौरा किया। यहां टूटी हुई पाइपलाइन के कारण जलापूर्ति बाधित थी। अध्यक्ष ने पाइपलाइन की मरम्मत कार्य का निरीक्षण करते हुए कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द मरम्मत कार्य पूरा कर जलापूर्ति बहाल की जाए।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि नगर में विकास कार्यों को गंभीरता से लिया जा रहा है और किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई को कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नौतनवा नगर के विकास में विधायक ऋषि त्रिपाठी का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन मिल रहा है। उनके निरंतर प्रयासों से ही आज नगर पालिका क्षेत्र में चौमुखी विकास देखने को मिल रहा है। इसके लिए उन्होंने विधायक को धन्यवाद देते हुए नौतनवा की जनता की ओर से आभार प्रकट किया।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने अध्यक्ष से सीधे संवाद कर अपनी समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए अध्यक्ष ने संबंधित विभागों को तुरंत निर्देश दिए और शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर सभासद धर्मात्मा जायसवाल, अनिल जायसवाल, संजय मौर्या, बनैलिया मंदिर समिति के अध्यक्ष दयाराम जायसवाल, दुर्गा मद्धेशिया समेत कई स्थानीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





