आनंदनगर: बी.एड की परीक्षा में 11 नकलची पकड़े गए, सख्ती से हो रही निगरानी
आनंदनगर: बी.एड की परीक्षा में 11 नकलची पकड़े गए, सख्ती से हो रही निगरानी
आई एन न्यूज आनंदनगर डेस्क:
सिद्धार्थ विश्वविद्यालय, कपिलवस्तु, सिद्धार्थनगर के अंतर्गत संचालित बी.एड की परीक्षा के दौरान गुरुवार को लाल बहादुर शास्त्री स्मारक पीजी कॉलेज, आनंदनगर, महाराजगंज परीक्षा केंद्र पर 11 परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए। यह कार्रवाई परीक्षा के प्रातःकालीन पाली में की गई।
परीक्षा केंद्र पर केंद्राध्यक्ष डॉ. राम पाण्डेय के नेतृत्व में विश्वविद्यालय की परीक्षा विभाग की टीम ने परीक्षा कक्षों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस निरीक्षण के दौरान डॉ. अजीत सिंह, डॉ. चंद्र प्रकाश, डॉ. उमेश तिवारी, डॉ. जितेंद्र प्रसाद तथा डॉ. फैजान अशरफ ने अलग-अलग कक्षों में जाकर तलाशी ली और 11 परीक्षार्थियों को अनुचित साधनों का प्रयोग करते हुए रंगे हाथ पकड़ा।
केंद्राध्यक्ष डॉ. राम पाण्डेय ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन तथा विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देशानुसार परीक्षा केंद्र पर नकलविहीन और पारदर्शी परीक्षा कराने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पकड़े गए परीक्षार्थियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
डॉ. पाण्डेय ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी और औचक निरीक्षण जारी रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो सके।
महाराजगंज उत्तर प्रदेश।





