बेलभरिया खाद केंद्र पर किसानों की भारी भीड़, छोटे किसानों को नहीं मिल रही खाद, मचा हाहाकार
बेलभरिया खाद केंद्र पर किसानों की भारी भीड़, छोटे किसानों को नहीं मिल रही खाद, मचा हाहाकार
आई एन न्यूज सिसवा डेस्क:
महराजगंज जनपद के विकास खण्ड सिसवा के अंतर्गत ग्रामसभा बेलभरिया स्थित खाद केंद्र पर गुरुवार को भारी संख्या में किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। किसान सुबह 3 बजे से ही खाद लेने के लिए लाइन में खड़े रहे, लेकिन दोपहर तक भी अधिकांश किसानों को खाद नहीं मिल सका।
किसानों का कहना है कि हर बार की तरह इस बार भी उन्हें खाद के लिए लंबी लाइन में खड़े रहना पड़ रहा है, फिर भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। खासतौर पर छोटे और गरीब किसानों को खाद नहीं मिल पा रहा है, जबकि बड़े काश्तकार आसानी से खाद प्राप्त कर ले रहे हैं।
इस संबंध में जब सचिव रजनीकांत मिश्रा से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि केंद्र पर 450 बोरी खाद की आपूर्ति हुई है। भीड़ को देखते हुए 500 बोरी खाद की पुनः मांग की गई है, जिससे सभी किसानों को खाद मिल सके।
किसानों का आरोप है कि उन्हें ऊंचे दामों पर खाद खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। सरकारी दर पर खाद नहीं मिलने से आर्थिक रूप से कमजोर किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि कई किसान लगातार कई दिनों से लाइन में लग रहे हैं, फिर भी उन्हें खाद नहीं मिल पा रही है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद की आपूर्ति बढ़ाई जाए और वितरण में पारदर्शिता लाई जाए, जिससे सभी किसानों को समय पर और उचित दर पर खाद मिल सके।
महाराजगंज उत्तर प्रदेश – संवाददाता कलामुद्दीन खान।





