विधायक ऋषि त्रिपाठी का 36 घंटे का जनसंपर्क अभियान बना चर्चा का विषय
विधायक ऋषि त्रिपाठी का 36 घंटे का जनसंपर्क अभियान बना चर्चा का विषय, रात-दिन जनता के बीच रहकर सुनी समस्याएं
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
क्षेत्रीय विधायक ऋषि त्रिपाठी ने जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को जानने और उनका समाधान करने की जो मिसाल पेश की, वह क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बन गई है। बीते 36 घंटों से अधिक समय तक लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर वे देर रात तक लोगों से संवाद करते रहे। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर लोगों की समस्याएं सुनीं और कई का मौके पर ही समाधान कराते हुए
संबंधित अधिकारियों को निर्देशित भी किया।
देर रात तक विधायक सोनौली थाना क्षेत्र के फरेदी तिवारी स्थित अपने कैंप कार्यालय पर उपस्थित रहे, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ बैठक की। इस बैठक में क्षेत्र के राजनीतिक मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई और व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं को सुनकर उनके समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अगली सुबह भी उनका यह जनसंपर्क अभियान थमा नहीं। क्षेत्र के तमाम गणमान्य नागरिक और आमजन बड़ी संख्या में कैंप कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। श्री त्रिपाठी ने हर एक व्यक्ति की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित मामलों का निस्तारण तत्काल कराया।
इसके बाद विधायक, नौतनवा के पूर्व चेयरमैन शिव मोहन पटवा जी के छोटे भाई स्वर्गीय चंद्रिका पटवा जी के घर पहुंच कर ब्रह्मभोज में शामिल हुए और श्रद्धांजलि अर्पित की। ब्रह्मभोज के दौरान का एक दृश्य सबके दिलों को छू गया, जब एक बीमार व्यक्ति अपनी समस्या लेकर पत्र सहित वहां पहुंचा। विधायक त्रिपाठी ने न सिर्फ उसकी बात गंभीरता से सुनी, बल्कि वहीं खड़ी गाड़ी के पीछे शीशे पर लेटरपैड रखकर तत्काल पत्र लिखकर उसे सौंपा और हर संभव मदद का भरोसा भी दिलाया।
विधायक की इस सहजता और संवेदनशीलता को देखकर वहां उपस्थित लोगों ने खुले दिल से उनकी सराहना की। लोगों ने कहा कि “विधायक हो तो ऐसा, जो जनता के दुख-दर्द को समझे और बिना किसी औपचारिकता के तत्काल निस्तारण भी करे।”
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





