सोनौली में धूमधाम से मनाया गया ईद मिलादुन्नबी: विभिन्न स्थानों से निकला जुलूस-ए-मुहम्मदी

सोनौली में धूमधाम से मनाया गया ईद मिलादुन्नबी: विभिन्न स्थानों से निकला जुलूस-ए-मुहम्मदी
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: भारत-नेपाल सीमा पर स्थित अंतरराष्ट्रीय महत्व के कस्बे सोनौली में शुक्रवार को पैगंबर हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम की यौम-ए-पैदाइश को ईद मिलादुन्नबी के रूप में बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा से मनाया गया। इस मौके पर नगर के विभिन्न स्थानों से जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने भाग लिया।
मदरसा से निकला जुलूस, जगह-जगह हुआ स्वागत
सोनौली कस्बे में स्थित मदरसा अरबिया गौसिया अहले सुन्नत वल जमात मस्जिद से दोपहर में जुलूस-ए-मुहम्मदी निकाला गया। यह जुलूस नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए एसएसबी रोड पहुंचा, जहां सभी हजरात को शीतल जल वितरित किया गया।
मुख्य मार्ग पर नगर पंचायत सोनौली के अध्यक्ष हबीब खान द्वारा स्टॉल लगाकर जुलूस में शामिल लोगों को खुरमा और फल वितरित किए गए और शीतल जल पिलाया गया। साथ ही सभी प्रतिभागियों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
हिंदू समाज का भी मिला समर्थन
जुलूस के स्वागत में हिंदू समाज के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। भाजपा नेता रवि वर्मा, प्रेम जायसवाल, धर्मेंद्र जायसवाल सहित अन्य गणमान्य लोग जुलूस का स्वागत करने वालों में शामिल रहे, जिससे गंगा-जमुनी तहज़ीब का सुंदर उदाहरण देखने को मिला।
सीमा तक पहुंचा जुलूस, शांतिपूर्वक हुआ समापन
जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए भारत-नेपाल सीमा के नो-मैन्स लैंड और सोनौली बस स्टैंड तक पहुंचा और फिर वहां से वापस लौटते हुए मदरसे में आकर शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। यह जुलूस मौलाना असगर अली की अगुवाई में निकाला गया था।
उलमाओं ने रखे विचार
इस मौके पर उलमाओं ने कहा कि हज़रत मोहम्मद सल्लल्लाहो अलैहि वसल्लम ने आज ही के दिन दुनिया में इंसानियत का पैगाम दिया था और इसी दिन उनकी वफात भी हुई थी। वे पूरी दुनिया के लिए रहमत बनकर आए और उन्होंने समाज को जीने का तरीका, आपसी भाईचारे और अमन का संदेश दिया।
सुरक्षा व्यवस्था रही चाक-चौबंद
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा अंकुर गौतम, थाना अध्यक्ष सोनौली अजीत प्रताप सिंह, चौकी प्रभारी सोनौली बृजभान यादव बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स के साथ जुलूस में मौजूद रहे।
नगर के विभिन्न स्थानों पर पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी ताकि कोई भी अप्रिय घटना न घटे और कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
ईद मिलादुन्नबी के इस अवसर पर सोनौली में धार्मिक सौहार्द, आपसी प्रेम और भाईचारे का एक बेहतरीन उदाहरण देखने को मिला।
इस मौके प्रमुख रूप से हबीब खान अध्यक्ष नगर पंचायत सोनौली, मौलाना मोहम्मद सरवर, मौलाना नईम, मौलाना तनवीर, अमीर आलम, मेराज खान, रानू आलम सहित तमाम लोग रहे।
महराजगंज — उत्तर प्रदेश।





