पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी रच रहा है हमारी हत्या की साजिश: नरसिंह पांडेय का बड़ा आरोप
पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी रच रहा है हमारी हत्या की साजिश: नरसिंह पांडेय का बड़ा आरोप
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
हिंदू युवा वाहिनी के पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरसिंह पांडेय ने रविवार को नौतनवा कस्बे के तहसील रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय पर प्रेसवार्ता के दौरान एक सनसनीखेज खुलासा करते हुए पूर्व मंत्री अमरमणि त्रिपाठी पर अपनी हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमरमणि त्रिपाठी अपने अपराधी साथियों के साथ मिलकर उनकी हत्या की योजना बना रहे हैं।
नरसिंह पांडेय ने कहा कि उन्होंने इस साजिश की शिकायत जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र के माध्यम से भेज दी है। उन्होंने पत्र में यह भी लिखा है कि उन्हें और उनके परिवार को जान-माल का गंभीर खतरा है।
प्रशासन पर भी लगाए गंभीर आरोप
नरसिंह पांडेय ने दावा किया कि बस्ती न्यायालय ने चर्चित राहुल अपहरण कांड में अमरमणि त्रिपाठी को ‘भगोड़ा’ घोषित कर रखा है, इसके बावजूद वह नौतनवा और फरेंदा विधानसभा क्षेत्रों में खुलेआम घूम रहा है और सभाएं कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन से उसे संरक्षण प्राप्त है, जिसकी वजह से पुलिस सिर्फ कागजों में उसे खोज रही है।
संपत्ति और साजिश का किया बड़ा दावा
पांडेय ने यह भी कहा कि अमरमणि त्रिपाठी ने नौतनवा से लखनऊ तक कई नामी-बेनामी संपत्तियां अवैध रूप से अर्जित की हैं, जिनके दस्तावेज उनके पास मौजूद हैं। जब से उन्होंने इन संपत्तियों की जांच की मांग की है, तब से उन्हें जान से मारने की साजिश रची जा रही है।
आंदोलन की चेतावनी
प्रेस वार्ता में उन्होंने जिला प्रशासन को चेताया कि अगर अमरमणि त्रिपाठी को संरक्षण देना बंद नहीं किया गया और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो वे जनता को साथ लेकर लोकतांत्रिक तरीके से नौतनवा की सड़कों पर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
वायरल हो रहा वीडियो
बता दें कि नरसिंह पांडेय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह ये सभी आरोप लगाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो ने जिले की राजनीति में हलचल मचा दी है।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।








































