नौतनवा में दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ, विजेता खिलाड़ियों को मिला सम्मान
नौतनवा में दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ, विजेता खिलाड़ियों को मिला सम्मान
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
नौतनवा विधानसभा क्षेत्र के बरवा कला स्थित अवैद्यनाथ मिनी स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय विधायक खेल स्पर्धा का भव्य शुभारंभ शनिवार को हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी एवं जिलाधिकारी महराजगंज संतोष शर्मा ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। इसके पश्चात दोनों अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम से पूर्व नौतनवा नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष बृजेश मणि त्रिपाठी एवं ब्लॉक प्रमुख नौतनवा राकेश मद्धेशिया ने जिलाधिकारी और विधायक को बुके भेंट कर तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। खेल स्पर्धा के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरित किए गए।
इस अवसर पर विधायक ऋषि त्रिपाठी ने कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं और ऐसी प्रतियोगिताएं ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। वहीं जिलाधिकारी संतोष शर्मा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल से अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास होता है।
कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री प्रदीप सिंह सहित भाजपा के कई पदाधिकारी, खेल प्रेमी, गणमान्य नागरिक तथा बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ी उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।





