सोनौली बॉर्डर पहुंचे डीआईजी एस. चनप्पा, किया निरीक्षण, अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक.
सोनौली बॉर्डर पहुंचे डीआईजी एस. चनप्पा, किया निरीक्षण, अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
भारत-नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार शाम उच्चस्तरीय निरीक्षण किया गया। एस. चनप्पा, पुलिस उप महानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र के आगमन पर पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा बुके भेंट कर उनका स्वागत किया गया।
इसके उपरांत डीआईजी श्री चनप्पा ने जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक के साथ सीमा क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिसिंग व्यवस्था तथा भारत-नेपाल सीमा सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।
इस दौरान निर्माणाधीन इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट (ICP) सोनौली का भी निरीक्षण किया गया, जहां निर्माण कार्य की प्रगति और गुणवत्ता का मूल्यांकन किया गया। अधिकारियों ने परियोजना को समयबद्ध और मानकों के अनुरूप पूरा करने के निर्देश दिए।
डीआईजी श्री चनप्पा ने बॉर्डर पर तैनात पुलिस, एसएसबी एवं अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमा सुरक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने अवैध तस्करी, मानव तस्करी और नशीले पदार्थों की तस्करी पर सख्त निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही गश्त बढ़ाने, चेकपोस्टों को और अधिक सक्रिय बनाने तथा स्थानीय मुखबिर तंत्र को मजबूत करने पर जोर दिया।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर भारत और नेपाल के सुरक्षा बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। पुलिस बल की प्रभावी तैनाती और संसाधनों के बेहतर उपयोग पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर डीआईजी श्री चनप्पा ने कहा कि भारत-नेपाल सीमा देश की सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है और यहां कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आम जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना पुलिस की जिम्मेदारी है।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी नौतनवां सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।


