वादे से विकास तक: 27 करोड़ के पुल पर सेमरहवा में विधायक ऋषि त्रिपाठी का आज भव्य स्वागत
वादे से विकास तक: 27 करोड़ के पुल पर सेमरहवा में विधायक ऋषि त्रिपाठी का आज भव्य स्वागत
आई एन न्यूज लक्ष्मीपुर ब्लॉक डेस्क: सेमरहवा, रोहिन नदी पर बहुप्रतीक्षित दीर्घ पुल की स्वीकृति मिलने के बाद ग्राम सेमरहवा में आज उत्साह का माहौल है। क्षेत्र के सम्मानित ग्रामीणों द्वारा विधायक ऋषि त्रिपाठी के स्वागत हेतु भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया है। विधायक आज लखनऊ से सीधे कार्यक्रम स्थल पर करीब 12:00 बजे पहुंचेंगे।
यह पुल लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग रहा है। खास बात यह है कि सांसद चुनाव के दौरान विधायक ऋषि त्रिपाठी ने सेमरहवा ग्राम सभा के लोगों से वादा किया था कि यदि पुल का निर्माण नहीं हुआ तो वे वोट मांगने नहीं आएंगे। उनके इस वादे पर विश्वास जताते हुए ग्रामीणों ने उन्हें समर्थन दिया था।
अपने वादे को निभाने के लिए विधायक त्रिपाठी लगातार प्रयासरत रहे। उन्होंने इस मुद्दे को सदन में भी मजबूती से उठाया, जिसका परिणाम यह हुआ कि रोहिन नदी के सेमरहवा घाट पर लगभग 27 करोड़ रुपये की लागत से पुल निर्माण को स्वीकृति मिल गई।
यह क्षेत्र तीन ओर से घने जंगलों से घिरा हुआ है, जहां बरसात के मौसम में हालात अत्यंत कठिन हो जाते थे। नदी के उफान पर होने से गांवों का संपर्क पूरी तरह कट जाता था, जिससे लोगों को आवागमन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और दैनिक जरूरतों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।
पुल की स्वीकृति से अब क्षेत्रवासियों में नई उम्मीद जगी है। लोगों का मानना है कि इस पुल के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी।
आज आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीणों के जुटने की संभावना है, जहां विधायक त्रिपाठी का अभिनंदन किया जाएगा और क्षेत्र के विकास को लेकर आगे की योजनाओं पर भी चर्चा हो सकती है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


