बढ़ती महंगाई और बिजली कटौती के विरोध में सपाइयों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
बढ़ती महंगाई और बिजली कटौती के विरोध में सपाइयों का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
बढ़ती महंगाई, आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि, अघोषित विद्युत कटौती तथा किसानों समेत आम जनता की विभिन्न समस्याओं को लेकर आज समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद महामहिम राज्यपाल को संबोधित मांग पत्र एसडीएम नौतनवा को सौंपा गया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सोमवार दोपहर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता बनैलिया मंदिर मार्ग स्थित फूल गली चौराहे पर एकत्रित हुए। वहां से बैजू यादव के नेतृत्व में सपाइयों ने सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में नौतनवा तहसील परिसर तक मार्च किया। तहसील गेट के सामने कार्यकर्ताओं ने धरने पर बैठकर प्रदेश सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
धरने को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है। आवश्यक खाद्य सामग्री, पेट्रोल-डीजल और घरेलू उपयोग की वस्तुओं के दाम आसमान छू रहे हैं। इसके साथ ही अघोषित बिजली कटौती से किसान, व्यापारी और आम नागरिक परेशान हैं। नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर पूरी तरह विफल साबित हो रही है।
प्रदर्शन के बाद सपाइयों ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम नौतनवा को सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से बैजू यादव, विक्रम यादव, गुल हसन,भोला यादव, बाबूलाल, जयराम पासवान, जुगेश यादव, आलोक शर्मा, राम नारायण भारती, राजनाथ यादव, शिव अवतार यादव सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।



