जब रूठकर घर से निकल गईं दो बहनें, पुलिस ने महज दो घंटे में खत्म कर दी परिवार की बेचैनी
जब रूठकर घर से निकल गईं दो बहनें, पुलिस ने महज दो घंटे में खत्म कर दी परिवार की बेचैनी
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: स्थानीय थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई के चलते घर से लापता हुई दो किशोरियों को महज दो घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक पूछताछ के बाद दोनों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र के रामनगर रेहरवा टोले की रहने वाली दो सगी बहनें, 17 वर्षीय शिवकन्या और 16 वर्षीय शिवनंदनी, घर छोड़कर कहीं चली गई थीं। उनके अचानक लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। इसके बाद परिजनों ने डायल-112 पर सूचना देकर पुलिस से मदद मांगी।
सूचना मिलते ही अड्डा चौकी प्रभारी अखिलेश यादव पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाश अभियान शुरू कराया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम रहा कि करीब दो घंटे के भीतर दोनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान किशोरियों ने पुलिस को बताया कि उनके पिता शराब के नशे में अक्सर मारपीट करते हैं। इसी बात से नाराज होकर वे घर छोड़कर चली गई थीं। पुलिस ने दोनों किशोरियों की काउंसलिंग करने के साथ ही आवश्यक पूछताछ पूरी की और बाद में उन्हें उनके माता-पिता की सुपुर्दगी में सौंप दिया।
क्षेत्राधिकारी (सीओ) बसंत सिंह ने बताया कि पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए लापता दोनों किशोरियों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।
महराजगंज– उत्तर प्रदेश।



