श्यामदेवरवा: विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में युवक ने खुद को मारी गोली, कुशीनगर निवासी अजय यादव की मौत
श्यामदेवरवा: विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय में युवक ने खुद को मारी गोली, कुशीनगर निवासी अजय यादव की मौत
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क ।
थाना श्यामदेउरवा क्षेत्र के रुद्रपुर भालूही स्थित विश्व शांति निकेतन महाविद्यालय परिसर में आज शुक्रवार को एक युवक द्वारा स्वयं को गोली मार लेने की घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अजय यादव (पुत्र केशव यादव), निवासी थाना रामकोला, जनपद कुशीनगर के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
घटनास्थल पर पहुंची फील्ड यूनिट ने वैज्ञानिक ढंग से जांच करते हुए आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक, महराजगंज ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा फील्ड यूनिट द्वारा घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए हैं। उपलब्ध तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं अन्य जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच निष्पक्ष एवं सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। यदि जांच के दौरान कोई नया तथ्य सामने आता है तो उसके अनुरूप आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



