नौतनवा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, नेपाल जा रही खाद की खेप जब्त, पांच तस्कर धराए
नौतनवा पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन, नेपाल जा रही खाद की खेप जब्त, पांच तस्कर धराए
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नौतनवा पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली। सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार चल रही सघन चेकिंग से तस्करों और उनके कैरियरों में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने नेपाल ले जाई जा रही भारतीय खाद की एक खेप के साथ पांच नेपाली नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से पांच बोरी भारतीय यूरिया, एक बोरी सिंगर सुपर फास्फेट पाउडर तथा पांच साइकिल बरामद की गई हैं।
थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह के निर्देशन में सीमावर्ती क्षेत्रों में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान उपनिरीक्षक प्रशांत दुबे अपनी पुलिस टीम के साथ सुंडी-नौसडीहा घाट पर मौजूद थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग साइकिलों पर खाद लादकर नेपाल की ओर जा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर शुक्रवार दोपहर करीब 1:34 बजे पांच संदिग्धों को रोक लिया।
तलाशी के दौरान पुलिस ने पांचों साइकिलों पर लदी पांच बोरी भारतीय यूरिया तथा एक बोरी सिंगर सुपर फास्फेट पाउडर बरामद किया। पूछताछ में सभी आरोपित नेपाल के रुपनदेही जिले के निवासी पाए गए।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान शंभू, संदीप यादव, विमलेश राजभर, रामकेश राजभर और प्रिंस के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामद खाद और पांचों साइकिलों को कब्जे में लेकर कस्टम अधिनियम की धारा 113 के तहत आवश्यक कार्रवाई करते हुए पूरे मामले को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सुपुर्द कर दिया है।
सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की लगातार सक्रियता और तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान से सीमा पार अवैध कारोबार में लगे तस्करों के नेटवर्क में बेचैनी बढ़ गई है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



