नौतनवा में अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन का शिकंजा, सड़क और नाली घेरने वालों को अंतिम चेतावनी

नौतनवा में अतिक्रमणकारियों पर प्रशासन का शिकंजा, सड़क और नाली घेरने वालों को अंतिम चेतावनी

आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
कस्बा नौतनवा में नाली एवं सड़क की पटरी पर किए गए अतिक्रमण के विरुद्ध शुक्रवार को प्रशासन द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, नगर पालिका परिषद नौतनवा के अधिशासी अधिकारी तथा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल के साथ नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया।
अभियान के दौरान अधिकारियों ने नालियों एवं सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण का जायजा लिया और दुकानदारों व व्यापारियों से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि नालियों और सड़क की पटरी पर अतिक्रमण से यातायात बाधित होता है, जल निकासी प्रभावित होती है तथा आम नागरिकों को असुविधा का सामना करना पड़ता है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने व्यापारियों एवं अतिक्रमण करने वाले लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में सड़क अथवा नाली पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। उन्होंने सभी से नगर की स्वच्छता, सुचारु यातायात व्यवस्था एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
इस संबंध में उप जिलाधिकारी नौतनवा नवीन कुमार ने बताया कि स्थाई अतिक्रमण करने वालों को सप्ताह भर का मौका देते हुए
चेतावनी दी गई है यदि चेतावनी के बावजूद अतिक्रमण नही हटा तो संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *