मासूम की मौत ने खोली भ्रष्टाचार की परतें! ग्राम प्रधान पर FIR, सचिव और कंसल्टिंग इंजीनियर निलंबित
मासूम की मौत ने खोली भ्रष्टाचार की परतें! डीएम का बड़ा प्रहार, ग्राम प्रधान पर FIR, सचिव और कंसल्टिंग इंजीनियर निलंबित
आई एन न्यूज महराजगंज डेस्क |
एक मासूम की मौत ने सरकारी विकास कार्यों में कथित लापरवाही और मानकों की अनदेखी की परतें खोल दी हैं। नौतनवा विकास खंड के शेष फरेंदा गांव में पोखरा सुंदरीकरण योजना के तहत बने गेट के भरभराकर गिरने से हुई बच्चे की दर्दनाक मौत के मामले में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए साफ संदेश दिया है कि जनता की जान से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
विशेष जांच टीम की रिपोर्ट में निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं और मानकों की अनदेखी की पुष्टि होने के बाद जिलाधिकारी ने ग्राम प्रधान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित ग्राम सचिव और कंसल्टिंग इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, जांच में निर्माण की गुणवत्ता और तकनीकी मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। प्रशासन अब पूरे मामले की तह तक पहुंचने की तैयारी में है और यदि जांच में अन्य अधिकारियों या संबंधित व्यक्तियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई से इनकार नहीं किया जा रहा है।
डीएम की इस कार्रवाई के बाद जिले भर में विकास कार्यों से जुड़े ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और निर्माण एजेंसियों में हड़कंप मचा हुआ है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।



