सीमा पार कर चोरी, नेपाल में मौज! सोनौली पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘टिंकल’, चोरी का माल और नकदी बरामद
सीमा पार कर चोरी, नेपाल में मौज! सोनौली पुलिस के हत्थे चढ़ा ‘टिंकल’, चोरी का माल और नकदी बरामद
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क।
भारत में चोरी की वारदातों को अंजाम देकर नेपाल भाग जाने वाले एक शातिर चोर को आखिरकार सोनौली पुलिस ने धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक आरोपी भारतीय सीमा में चोरी करने के बाद नेपाल में जाकर कैसीनो और अन्य स्थानों पर ऐश करता था। उसकी गिरफ्तारी को सीमा क्षेत्र में सक्रिय चोरी के गिरोहों के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सोनौली पुलिस ने नेपाल सीमा से सटे ग्राम तिलहवा से शातिर अभियुक्त मईन अंसारी उर्फ टिंकल पुत्र इसहाक अहमद, निवासी कोल्हुई बाजार (आरा मशीन वाली गली), थाना कोल्हुई, जनपद महराजगंज, उम्र लगभग 26 वर्ष को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से चोरी की तीन जोड़ी पायल (सफेद धातु), पांच जोड़ी बिछिया (सफेद धातु) तथा कुल 22,300 रुपये नकद बरामद किए गए। इसमें 18,300 रुपये भारतीय मुद्रा और 4,000 नेपाली मुद्रा शामिल हैं।
पूछताछ और बरामदगी के आधार पर पुलिस ने पाया कि आरोपी का संबंध थाना सोनौली और थाना नौतनवा में दर्ज कई चोरी के मामलों से है। पुलिस का कहना है कि आरोपी लंबे समय से सीमा क्षेत्र में सक्रिय था और चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के बाद तत्काल नेपाल भाग जाता था, जिससे उसकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मईन अंसारी उर्फ टिंकल बेहद शातिर अपराधी है। वह भारतीय सीमा में चोरी करने के बाद नेपाल में जाकर कैसीनो सहित अन्य स्थानों पर समय बिताता था और पुलिस की पकड़ से बचने के लिए बार-बार सीमा पार करता रहता था।
सोनौली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
महाराजगंज —उत्तर प्रदेश।



