स्याही नहीं, खून से लिखी गुहार… सिसवा को तहसील बनाने की मांग फिर हुई बुलंद”

स्याही नहीं, खून से लिखी गुहार… सिसवा को तहसील बनाने की मांग फिर हुई बुलंद
आई एन न्यूज सिसवा डेस्क: महराजगंज जनपद के सिसवा कस्बे को तहसील का दर्जा दिलाने की वर्षों पुरानी मांग एक बार फिर भावनात्मक मोड़ पर पहुंच गई। इस बार मांग को मजबूती देने के लिए सिसवा क्षेत्र के एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा ने अपने खून से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सिसवा को तहसील बनाए जाने की अपील की।
राजन विश्वकर्मा का कहना है कि सिसवा क्षेत्र की बड़ी आबादी को आज भी तहसील संबंधी कार्यों के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। आम लोगों को समय, धन और परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि वर्षों से क्षेत्रवासी सिसवा को तहसील बनाए जाने की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।
उन्होंने कहा कि जब जनभावनाओं को बार-बार अनसुना किया जाता है, तो लोगों को अपनी बात अलग तरीके से सरकार तक पहुंचानी पड़ती है। इसी भावना के साथ उन्होंने अपने खून से मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सिसवा को तहसील का दर्जा देने की मांग की है। उनका कहना है कि यह किसी व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की आवाज है।
इस अनोखे और भावनात्मक कदम की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है।
अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रदेश सरकार पर टिकी हैं कि वर्षों पुरानी इस मांग पर आखिर कब फैसला होगा और सिसवा को तहसील बनने का इंतजार कब खत्म होगा।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *