खेत की रखवाली बनी काल: करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

खेत की रखवाली बनी काल: करंट की चपेट में आने से युवक की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क: कोतवाली क्षेत्र के जगर्नाथपुर टोला, भारिया गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान प्रकाश साहनी (पुत्र विक्रम साहनी) के रूप में हुई है। स्थानीय सूत्रों के अनुसार प्रकाश अपने खेत में पानी चलाने गया था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मृतक ने करीब पांच एकड़ भूमि में मछली पालन और खेती की व्यवस्था कर रखी थी। खेत के चारों ओर कंटीले तार लगाए गए थे और मछलियों की सुरक्षा के लिए उन तारों में बिजली प्रवाहित की गई थी। आशंका है कि किसी कारणवश वह स्वयं उसी बिजलीयुक्त तार की चपेट में आ गया, जिससे यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि प्रकाश मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था। उसकी असमय मौत से गांव के लोग स्तब्ध हैं।

महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *