नौतनवा ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया का भावुक संदेश सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय”

जनसेवा के पाँच वर्ष, नौतनवा ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया का भावुक संदेश सोशल मीडिया पर बना चर्चा का विषय”
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
विकासखंड नौतनवा के ब्लॉक प्रमुख राकेश मद्धेशिया का पाँच वर्षीय कार्यकाल सोमवार को औपचारिक रूप से पूरा हो गया। इस अवसर पर उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज के माध्यम से क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों और समस्त क्षेत्रवासियों के नाम एक भावुक संदेश साझा करते हुए सभी के प्रति आभार और सम्मान व्यक्त किया।
अपने संदेश में राकेश मद्धेशिया ने कहा कि उन्होंने ब्लॉक प्रमुख के रूप में केवल एक जनप्रतिनिधि की भूमिका नहीं निभाई, बल्कि क्षेत्र के बेटे की तरह हर सुख-दुख में लोगों का सहभागी बनने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हर समस्या को अपनी समस्या समझकर उसका समाधान करने का प्रयास किया और हमेशा यह कोशिश रही कि विकासखंड नौतनवा में विकास की रफ्तार कभी न थमे।
उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान मिले स्नेह, विश्वास और सहयोग के लिए सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों, ग्राम प्रधानों और क्षेत्रवासियों का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यदि इन पाँच वर्षों में उनसे कोई त्रुटि हुई हो तो उन्हें अपना छोटा भाई या बेटा समझकर क्षमा करें। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत रहा है और इसके लिए वह जीवनभर सभी के ऋणी रहेंगे।
राकेश मद्धेशिया ने अपने संदेश में यह भी बताया कि माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद एवं शासन के निर्देशानुसार वह आगामी छह माह तक प्रशासक के रूप में विकासखंड नौतनवा की जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस प्रकार पिछले पाँच वर्षों में क्षेत्रवासियों का स्नेह, विश्वास और सहयोग उन्हें मिलता रहा, उसी प्रकार आगे भी मिलता रहेगा।
उन्होंने कहा कि वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ विकासखंड नौतनवा की सेवा करते रहेंगे तथा जनहित और विकास के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।
ब्लॉक प्रमुख का पाँच वर्षीय कार्यकाल पूरा होने पर उनका यह भावुक संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किया जा रहा है। बड़ी संख्या में लोग उन्हें सफल कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और निरंतर जनसेवा की कामना कर रहे हैं।
महाराजगंज —-उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *