नौतनवा: महुअवा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिवार में मातम
नौतनवा: महुअवा में विवाहिता की संदिग्ध मौत, परिवार में मातम
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क: स्थानीय थाना क्षेत्र के महुअवा नंबर एक, टोला गोपालापुर में सोमवार की शाम एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। 28 वर्षीय पूजा चौधरी की संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, महुअवा नंबर एक निवासी दीपचंद का विवाह वर्ष 2021 में नौतनवा थाना क्षेत्र के ग्राम कोहड़वल निवासी राधेश्याम की पुत्री पूजा चौधरी के साथ हुआ था। विवाह के बाद पूजा अपने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों के साथ रह रही थी।
बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम जब घर के अन्य सदस्य बाहर थे, उसी दौरान पूजा ने घर के भीतर फंदा लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। जब परिजन वापस लौटे तो उन्होंने पूजा को फंदे से लटका देखा। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत सिंह, नायब तहसीलदार तथा नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी बसंत सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह के चलते आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।



