राजस्व मामलों में लापरवाही नहीं, नवागत एसडीएम कुणाल के सख्त तेवर

राजस्व मामलों में लापरवाही नहीं, नवागत एसडीएम कुणाल के सख्त तेवर
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । नवागत उपजिलाधिकारी (एसडीएम) नौतनवा कुणाल ने पदभार संभालते ही अपने सख्त तेवर साफ कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि राजस्व से जुड़े किसी भी मामले में लापरवाही अब किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चाहे मामला अंश निर्धारण का हो, नामांतरण का हो या भूमि विवाद से जुड़ा हो, सभी मामलों का समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
इंडो नेपाल न्यूज़ से विशेष बातचीत में एसडीएम कुणाल ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप कार्य करना उनकी पहली जिम्मेदारी है। राजस्व विभाग के लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाएगी और अनावश्यक विलंब करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि “जनता की समस्याओं का समाधान करना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कोई भी फरियादी निराश होकर वापस नहीं जाएगा। हर शिकायत को गंभीरता से सुना जाएगा और उसका नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा।”
एसडीएम ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी को राजस्व अथवा भूमि संबंधी कोई समस्या है तो वह बिना किसी झिझक सीधे उनसे मिल सकता है। तहसील दिवस हो या कार्यालय का सामान्य कार्यदिवस, फरियादियों की शिकायतें स्वयं सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भूमि विवादों के कारण कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए राजस्व और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन उनकी प्राथमिकता होगी।
नवागत एसडीएम के इस स्पष्ट और कड़े संदेश से यह संकेत मिल रहा है कि नौतनवा तहसील में अब राजस्व मामलों के निस्तारण में तेजी आने के साथ-साथ लापरवाही बरतने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
महराजगंज —उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *