16 साल पहले बोया था ‘बचपन’, आज हजारों सपनों का वटवृक्ष है एबी इंटरनेशनल

16 साल पहले बोया था ‘बचपन’, आज हजारों सपनों का वटवृक्ष है एबी इंटरनेशनल
आई एन न्यूजनौतनवा डेस्क ।
नौतनवा क्षेत्र के लिए 21 जुलाई केवल एक तारीख नहीं, बल्कि शिक्षा के इतिहास का वह स्वर्णिम अध्याय है, जब वर्ष 2010 में ‘बचपन’ नामक एक छोटे से प्ले स्कूल के रूप में बोया गया सपना आज एक विशाल वटवृक्ष बनकर हजारों बच्चों के भविष्य को संवार रहा है। क्षेत्र के पहले प्ले स्कूल बचपन ए प्ले स्कूल और एबी इंटरनेशनल स्कूल ने मंगलवार को अपना फाउंडर्स डे पूरे उत्साह, उल्लास और भावनात्मक माहौल में मनाया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के फाउंडर बी.के. त्रिपाठी ने फाउंडर्स डे पोस्टर का अनावरण कर किया। उन्होंने कहा कि “आप सभी अभिभावकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के विश्वास एवं सहयोग से एक ऐसा सपना साकार होता दिखाई दे रहा है, जहाँ हर बच्चा पढ़े, बढ़े और एक सम्पूर्ण व्यक्तित्व के रूप में विकसित हो। यही हमारे विद्यालय की सबसे बड़ी उपलब्धि है।”
विद्यालय की डायरेक्टर अंजली ने अपने संबोधन में 16 वर्षों के संघर्ष, समर्पण और उपलब्धियों को याद करते हुए भावुक अंदाज में कहा, “21 जुलाई 2010 को हमने ‘बचपन’ नाम का एक छोटा-सा पौधा लगाया था। मजबूत जड़ों के साथ यह पौधा वर्ष 2013 में एबी इंटरनेशनल स्कूल के विशाल प्रांगण तक पहुँचा और आज, वर्ष 2026 में यह एक छायादार वृक्ष का रूप ले चुका है। यह 16 वर्षों की यात्रा किसी तपस्या और साधना से कम नहीं रही।”
उन्होंने इस अवसर पर सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों, नॉन-टीचिंग स्टाफ तथा उन सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया, जिन्होंने विद्यालय की इस यात्रा में हर कदम पर साथ दिया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने केक काटा, प्रेरक भाषण दिए, रंगारंग नृत्य, स्किट, गीत और प्रार्थना प्रस्तुत कर फाउंडर्स डे को यादगार बना दिया। विद्यालय में इस सत्र के पहले प्रवेश लेने वाली छात्रा यशवी ने स्कूल के चीफ एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के साथ केक काटते हुए “Long Live ABIS” का संदेश दिया, जिससे पूरा परिसर तालियों की गूंज से भर उठा।
विद्यालय की प्रिंसिपल दीप्ति शुक्ला ने बच्चों को फाउंडर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अनुशासन, संस्कार और उत्कृष्ट शिक्षा के बल पर विद्यालय का नाम देश-विदेश तक पहुंचाएं।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं में प्रतिभा, हर्ष, सौम्या, गवशूल, माइकल, काशिफ, परमजीत, जितेन्द्र, अरविन्द सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *