नेपाल में 109 किलो गांजा के साथ दो भारतीय युवक गिरफ्तार, कार से हो रही थी तस्करी
नेपाल में 109 किलो गांजा के साथ दो भारतीय युवक गिरफ्तार, कार से हो रही थी तस्करी
आई एन न्यूज नेपाल डेस्क:
नेपाल के सर्लाही जिले के लालबन्दी नगरपालिका-1 स्थित जिला ट्रैफिक कार्यालय नवलपुर के सामने संयुक्त पुलिस टीम ने 109 किलोग्राम गांजा के साथ दो भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से गांजा, एक भारतीय कार और अन्य साक्ष्य बरामद कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला ट्रैफिक प्रहरी कार्यालय नवलपुर, सर्लाही तथा इलाका प्रहरी कार्यालय नवलपुर की संयुक्त टीम पूर्व-पश्चिम राजमार्ग पर नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान बागमती से जनकपुर की ओर जा रही भारतीय नंबर BR 09 M 3766 की कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की में प्लास्टिक के पैकेटों में छिपाकर रखे गए कुल 23 पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें लगभग 109 किलोग्राम (प्लास्टिक सहित) गांजा पाया गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही जब्त कर लिया।
पुलिस ने कार चालक भारत के बिहार राज्य के सीतामढ़ी जिले के समुद्र थाना क्षेत्र निवासी दीपक कुमार महतो (26 वर्ष) तथा कार में सवार उसी क्षेत्र के अमन कुमार (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
नेपाल पुलिस ने बताया कि बरामद गांजा, कार और गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। (सूत्र सोशल मीडिया)


