नेपाली नागरिक को गिरफ्तार करने पहुंचे दो भारतीय पुलिसकर्मी हिरासत में
नेपाली नागरिक को गिरफ्तार करने कंचनपुर पहुंचे दो भारतीय पुलिसकर्मी हिरासत में
आई एन न्यूज धनगढ़ी नेपाल : नेपाल पुलिस ने कंचनपुर जिले से दो भारतीय पुलिसकर्मियों को हिरासत में लिया है। आरोप है कि दोनों पुलिसकर्मी बिना किसी पूर्व अनुमति और नेपाल पुलिस को जानकारी दिए नेपाली सीमा में प्रवेश कर एक नेपाली नागरिक को गिरफ्तार करने के लिए उसके घर तक पहुंच गए थे।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर कर्नाटक से आए भारतीय पुलिस के एक असई (सहायक उपनिरीक्षक) समेत दो पुलिसकर्मियों को इलाका पुलिस कार्यालय दोधारा चांदनी ने नियंत्रण में लिया। दोनों की पहचान कर्नाटक पुलिस के असई सतिश एमआर और जवान अल्फाब आरएस के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोनों भारतीय पुलिसकर्मी दोधारा चांदनी निवासी शंकर लुहार को गिरफ्तार करने के उद्देश्य से उनके घर तक पहुंचे थे। नेपाल पुलिस के साथ समन्वय और पूर्व सूचना के बिना भारतीय पुलिसकर्मियों के नेपाल में प्रवेश कर नेपाली नागरिक को गिरफ्तार करने की कोशिश की जानकारी मिलने के बाद उन्हें हिरासत में लिया गया।
जिला पुलिस कार्यालय कंचनपुर के प्रवक्ता डीएसपी टेकबहादुर रावत ने दोनों भारतीय पुलिसकर्मियों को इलाका पुलिस कार्यालय दोधारा चांदनी की हिरासत में रखे जाने की पुष्टि की है।
डीएसपी रावत के अनुसार, मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। अब उच्च स्तर से मिलने वाले निर्देश के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नेपाल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि घटना को लेकर आवश्यक समन्वय और प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
(सूत्र नेपाली मीडिया)


