नेपाल: 10 सेकेंड में बची जान, बोले– ‘साथी आंखों के सामने बह गए’
नेपाल: 10 सेकेंड में बची जान, बोले– ‘साथी आंखों के सामने बह गए’
आई एन न्यूज, काठमांडू नेपाल डेस्क:
नेपाल के रसुवा जिले में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। अब तक सात लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई घायलों का रेस्क्यू कर इलाज शुरू किया गया है। बाढ़ में नेपाल पुलिस के 32 और सशस्त्र पुलिस बल के 9 जवान समेत 41 सुरक्षाकर्मी लापता बताए जा रहे हैं।
बेत्रावती क्षेत्र में बाढ़ आने की सूचना देने के लिए माइकिंग कर रहे नेपाल पुलिस के सहायक हवलदार संतोष रिजाल महज 10 सेकेंड के अंतर से अपनी जान बचाने में सफल रहे। वह असई रामकाजी पौडेल की कमान में स्थानीय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सूचना दे रहे थे, तभी अचानक तेज बाढ़ आ गई।
रिजाल ने बताया कि बाढ़ इतनी तेजी से आई कि घरों में सो रहे, बैठे और खाना खा रहे लोग भी उसकी चपेट में आ गए। वह खुद मोटरसाइकिल पर थे और बाढ़ का पानी आते ही बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे।
उन्होंने कहा, “बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागा और अपनी जान बचाई। सिर्फ 10 सेकेंड के अंतर से बच पाया। ऐसे समय में जिंदा बचना ही बहुत बड़ी बात है।”
रिजाल के साथ माइकिंग के लिए गए असई रामकाजी पौडेल अभी भी संपर्कविहीन हैं। रिजाल के मुताबिक, बेत्रावती में करीब 70 घर थे, लेकिन बाढ़ के बाद कोई भी घर पूरी तरह सुरक्षित नहीं बचा। उन्होंने कहा कि उन्होंने कई लोगों और बच्चों को अपनी आंखों के सामने बाढ़ में बहते देखा।
बाढ़ के बाद नेपाली सेना, नेपाल पुलिस और सशस्त्र पुलिस के साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां खोज एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। हेलीकॉप्टर, ड्रोन, प्रशिक्षित खोजी कुत्तों और विशेषज्ञ बचावकर्मियों की मदद ली जा रही है। मेडिकल टीमें भी प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं।
नेपाल पुलिस के केंद्रीय प्रवक्ता एवं डीआईजी अबिनारायण काफ्ले के अनुसार, नेपाल पुलिस के 32 और सशस्त्र पुलिस के 9 जवान अभी भी लापता हैं। प्रभावित क्षेत्रों में राहत, बचाव और लापता लोगों की तलाश जारी है। (सूत्र सोशल मीडिया)








































