सोनौली में बंद सड़क कट प्रशासन ने खुलवाया, व्यापारियों में हर्ष

सोनौली में बंद सड़क कट प्रशासन ने खुलवाया, व्यापारियों में हर्ष
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित अंतरराष्ट्रीय महत्व के कस्बे सोनौली में राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन के लिए डिवाइडर में बनाए गए कई कट अचानक बंद किए जाने के विरोध में व्यापारियों का आक्रोश आखिरकार रंग लाया। व्यापारियों के कड़े विरोध के बाद प्रशासन ने रविवार दोपहर को बजार मे बंद किए गए एक कट को खुलवा दिया। कट खुलने के बाद स्थानीय व्यापारियों में खुशी का माहौल है।
बताया जाता है कि राष्ट्रीय राजमार्ग के डिवाइडर में बने कई कटों को अचानक बंद कर दिए जाने से सोनौली के व्यापारियों को अपने प्रतिष्ठानों तक पहुंचने और ग्राहकों के आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इससे नाराज व्यापारियों ने विरोध दर्ज कराते हुए प्रशासन के समक्ष अपनी समस्या रखी थी।
व्यापारियों के विरोध का नेतृत्व सोनौली नगर पंचायत के पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी बैजू यादव तथा उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल सोनौली के अध्यक्ष बबलू सिंह कर रहे थे। व्यापारियों ने स्पष्ट रूप से कहा था कि सड़क कट बंद होने से बाजार की आवाजाही प्रभावित हो रही है और इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है।
व्यापारियों के तीखे तेवर और लगातार विरोध को देखते हुए प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया। रविवार दोपहर बाद एसडीएम नौतनवा, पुलिस क्षेत्राधिकारी नौतनवा तथा पीएनसी विभाग के अधिकारियों ने सोनौली पहुंचकर व्यापारियों की मौजूदगी में बंद किए गए डिवाइडर मे कट का निरीक्षण किया। इसके बाद डिवाइडर में बंद किए गए कटों को खुलवा दिया गया।
कट खुलने के बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली। व्यापारियों का कहना है कि सोनौली सीमावर्ती और अंतरराष्ट्रीय बाजार होने के कारण यहां सुचारु आवागमन बेहद जरूरी है। सड़क कट बंद होने से बाजार में आने-जाने वाले लोगों को अनावश्यक दूरी तय करनी पड़ रही थी, जिससे व्यापार भी प्रभावित हो रहा था।
कट खुलने पर व्यापारियों ने इसे अपने आंदोलन और एकजुटता की जीत बताया। व्यापारियों ने कहा कि प्रशासन ने उनकी समस्या को गंभीरता से समझते हुए समय रहते समाधान किया है। सड़क कट खुलने से बाजार में आवागमन सामान्य होने की उम्मीद है और व्यापारियों को भी राहत मिली है
इस मौके पर व्यापारियों ने प्रशासन के प्रति आभार जताया है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *