24 बोरी खाद बरामदगी ने खोला सनपतिहा तस्करी का राज!
24 बोरी खाद बरामदगी ने खोला सनपतिहा तस्करी का राज!
कुरवा खुर्द में एसएसबी की कार्रवाई, एक गिरफ्तार; रात में सीमा पार आवाजाही को लेकर चर्चाएं तेज।
आईएन न्यूज, नौतनवा डेस्क: नौतनवा थाना क्षेत्र की सनपतिहा पुलिस चौकी क्षेत्र में नेपाल सीमा से सटे कुरवा खुर्द गांव के पास एसएसबी जवानों ने कार्रवाई करते हुए 24 बोरी खाद बरामद कर एक कथित तस्कर को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद सनपतिहा क्षेत्र में खाद की कथित तस्करी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
स्थानीय स्तर पर आरोप है कि रात करीब 1 से 4 बजे तक खाद की आवाजाही होती है। बताया जा रहा है कि अड्डा बाजार, मुड़ली चौराहा और रामगढ़वा की ओर से दिनभर ई-रिक्शा व बाइक से खाद सनपतिहा क्षेत्र में पहुंचाई जाती है और रात में बाइक व साइकिल के जरिए नेपाल सीमा की ओर भेजे जाने का कथित खेल चलता है। खाद की खेप नेपाल के अमवा गांव तक पहुंचाए जाने की भी चर्चा है।
क्षेत्र में यह भी चर्चा है कि कथित तस्करी के नेटवर्क में दो दर्जन से अधिक बाइक व साइकिल कैरियर सक्रिय हैं, जो रात के अंधेरे में अलग-अलग रास्तों से सीमा की ओर जाते हैं। वहीं, सनपतिहा पुलिस चौकी के पास से नेपाल सीमा की ओर जाने वाले एक रास्ते के इस्तेमाल की भी चर्चा है।
एसएसबी की इस कार्रवाई ने फिलहाल सीमा क्षेत्र में खाद की आवाजाही और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
इस मामले में नौतनवा थाना अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने कहा कि वह पूरे प्रकरण की स्वयं जांच करेंगे। साथ ही स्पष्ट किया कि तस्करी जैसे मामले में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई कराई जाएगी।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।








































