दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, देवर-भाभी गंभीर घायल
दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, देवर-भाभी गंभीर घायल
आई एन न्यूज निचलौल डेस्क: इटहिया भोलेनाथ के दर्शन के लिए बाइक से जा रहे देवर-भाभी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा निचलौल थाना क्षेत्र के बैठवलिया के पास हुआ, जहां सामने से आ रही बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई।
जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी राकेश (35) पुत्र बाबूलाल अपनी भाभी गीता देवी पत्नी सुरेंद्र गौड़ को बाइक पर बैठाकर इटहिया भोलेनाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। दोनों जैसे ही बैठवलिया के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही एक दूसरी बाइक से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार राकेश और गीता देवी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।








































