चौकी में बर्थडे पार्टी पड़ी भारी, चौकी प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड!
चौकी में बर्थडे पार्टी पड़ी भारी, चौकी प्रभारी समेत 6 पुलिसकर्मी सस्पेंड!
आई एन न्यूज नौतनवां डेस्क:
पुलिस चौकी में कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मियों को एक युवक का जन्मदिन मनाना भारी पड़ गया। अड्डा बाजार पुलिस चौकी में युवक के केक काटने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सख्त कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को रविवार को निलंबित कर दिया। मामले की जांच सीओ निचलौल को सौंपी गई है।
वायरल वीडियो ने पुलिस महकमे की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक युवक पुलिस चौकी परिसर में कार के बोनट पर रखा केक काटता हुआ दिखाई दे रहा है। उसके आसपास कई लोग मौजूद हैं, जबकि पुलिसकर्मी भी जश्न में शामिल नजर आ रहे हैं। युवक केक काटने के बाद वहां मौजूद लोगों को खिलाता है और लोग तालियां बजाकर उसे जन्मदिन की बधाई देते दिखाई देते हैं।
चौकी में ड्यूटी या जन्मदिन की पार्टी?
पुलिस चौकी जैसी संवेदनशील जगह पर बाहरी युवक का इस तरह जन्मदिन मनाए जाने का वीडियो सामने आते ही मामला तेजी से चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लिया और प्राथमिक जांच के आधार पर कार्रवाई की।
निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में अड्डा बाजार चौकी प्रभारी अखिलेश यादव, उपनिरीक्षक विकास कुमार गौड़, आरक्षी प्रभार गौड़, अभिमन्यु खरवार, रामकृत यादव और प्रशांत कुमार शामिल हैं।
करणी सेना से जुड़ाव की भी जांच
मामले ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब पुलिस की ओर से सोशल मीडिया ग्रुप में करणी सेना का नियुक्ति पत्र और पंफलेट साझा किए जाने की बात सामने आई। वीडियो में नजर आ रहा युवक इसी संगठन से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस अब युवक की पहचान, उसके संगठन से संबंध और चौकी में पुलिसकर्मियों के साथ उसके संपर्क समेत पूरे मामले की जांच कर रही है।
प्राथमिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि जन्मदिन मनाने वाला युवक राजनीतिक रूप से सक्रिय बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस यह भी जांच रही है कि चौकी में जन्मदिन मनाने की अनुमति कैसे और किन परिस्थितियों में दी गई।
जांच रिपोर्ट खोलेगी पूरी कहानी
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने साफ किया है कि वीडियो में दिखाई दे रहे सभी छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। अब सीओ निचलौल पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि वीडियो में दिख रहे छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। जांच में सामने आया है कि जन्मदिन मनाया जा रहा युवक राजनीतिक रूप से भी सक्रिय है। सीओ निचलौल को जांच सौंपी गई है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस चौकी में कानून का पहरा होना चाहिए या केक और तालियों की गूंज—यह सवाल वायरल वीडियो ने जरूर खड़ा कर दिया है। फिलहाल, एक कथित “मजाक-मजाक” की जन्मदिन पार्टी ने छह पुलिसकर्मियों की वर्दी पर निलंबन की कार्रवाई का दाग लगा दिया है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश.


