40 साल बनाम साढ़े 4 साल! विधायक ऋषि त्रिपाठी ने गिनाया नौतनवा का विकास
40 साल बनाम साढ़े 4 साल! विधायक ऋषि त्रिपाठी ने गिनाया नौतनवा का विकास
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क। नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी ने मंगलवार को नौतनवा विकासखंड सभागार में आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आशीर्वाद और जनकल्याणकारी नीतियों से विकास की गति तेज हुई है। 40 वर्षों में जितना विकास नहीं हो सका, उतना साढ़े चार वर्षों में देखने को मिला है।
बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, महाराजगंज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक ऋषि त्रिपाठी रहे। विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख एवं प्रशासक क्षेत्र पंचायत नौतनवा राकेश मद्धेशिया रहे। अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी अमित मिश्रा ने की, जबकि बाल विकास परियोजना अधिकारी नौतनवा रामजन्म यादव की मौजूदगी रही।
समारोह के दौरान विधायक ने मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण को भी देखा। इसके बाद कुपोषण से सुपोषण की ओर आए पांच बच्चों को पोषण पोटली वितरित की गई। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र भी प्रदान किए गए।
विधायक ने कोविड-19 महामारी के दौरान माता-पिता में से किसी एक अथवा दोनों को खो चुके बच्चों को ₹7,500 की सहायता राशि के चेक वितरित किए। सहायता मिलने पर लाभार्थी परिवारों ने सरकार और विधायक के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के साथ महिलाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़ने में आंगनबाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
इस अवसर पर बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, महिला कल्याण विभाग के लाभार्थी तथा क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता प्रदीप सिंह ने किया।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।


