नौतनवा में विकास का रिपोर्ट कार्ड लेकर कई गांव मे पहुंचे ब्लाक प्रमुख राकेश मद्धेशिया

नौतनवा में विकास का रिपोर्ट कार्ड लेकर कई गांव मे पहुंचे ब्लाक प्रमुख राकेश मद्धेशिया
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क। नौतनवा विकासखंड के ब्लॉक प्रमुख एवं प्रशासक राकेश मद्धेशिया विकासखंड के करीब आधा दर्जन गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने गांवों में चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र निराकरण कराने का आश्वासन दिया। इस दौरान उन्होंने नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी के नेतृत्व में साढ़े चार वर्षों में कराए गए विकास कार्यों को एक-एक कर ग्रामीणों के सामने रखा।
ग्रामीणों से संवाद करते हुए राकेश मद्धेशिया ने कहा कि विकासखंड का कोई भी ऐसा गांव नहीं है, जहां विधायक निधि अथवा अन्य विभागों के माध्यम से विकास कार्य न कराया गया हो। उन्होंने कहा कि गांवों को मूलभूत सुविधाओं से जोड़ने के साथ-साथ पथ प्रकाश व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। प्रत्येक गांव में प्रमुख स्थानों पर हाईमैक्स लाइट लगाने का कार्य किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रात के समय भी पर्याप्त रोशनी उपलब्ध हो सके।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के सभी गांवों को रोशनी युक्त और कीचड़ मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विकास कार्यों का उद्देश्य केवल सड़क और प्रकाश व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना भी प्राथमिकता है।
जनसंपर्क अभियान के क्रम में ब्लॉक प्रमुख ने हरदी डाली, कृष्ण कुमार, बैरियहवा, सुडी गांव, भगवानपुर, रतनपुर सहित कई गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर चौपाल लगाकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया गया। ग्रामीणों ने सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था सहित स्थानीय समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।
राकेश मद्धेशिया ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जनसमस्याओं को विधायक के माध्यम से संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच सीधा संवाद बेहद जरूरी है।
ब्लॉक प्रमुख ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार तथा नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी के प्रयासों से क्षेत्र में विकास की गति तेज हुई है। आने वाले समय में भी गांवों में बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर करने का प्रयास जारी रहेगा।
इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्रामीण एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।