सोनौली में मिसाल-ए-इंसानियत: दुखों से घिरे गरीब परिवार की ढाल बने व्यापारी प्रताप मद्धेशिया
सोनौली में मिसाल-ए-इंसानियत: दुखों से घिरे गरीब परिवार की ढाल बने व्यापारी प्रताप मद्धेशिया
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क:
नेपाल-भारत सीमा पर बसे सोनौली कस्बे में गरीबी का दंश झेल रहे एक परिवार पर तब दुखों का पहाड़ टूट पड़ा, जब सुविधाओं के अभाव के बीच उनकी 17 वर्षीय बीमार बेटी ने दम तोड़ दिया। सिर पर कच्ची छत, न घर में बिजली का उजियारा और न ही पीने के साफ पानी का नल—इस बदहाली में बच्ची का जाना पूरे इलाके को झकझोर गया।
बेटी की असमय मौत के बाद जब इस परिवार की लाचारी सामने आई, तो सोनौली नगर के व्यापारी व समाजसेवी प्रताप मद्धेशिया अपने व्यापारी साथियों के साथ पीड़ित परिवार के आंसू पोंछने उनके घर पहुंचे। दुख की इस घड़ी में संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उन्होंने परिवार को ₹5,100 की फौरी नकद आर्थिक सहायता सौंपी।
इतना ही नहीं, मद्धेशिया ने मौके से ही नौतनवा के विधायक ऋषि त्रिपाठी से फोन पर सीधे वार्ता की। उन्होंने विधायक को परिवार की दयनीय स्थिति से अवगत कराते हुए पीड़ित परिवार को पक्का आवास, बिजली का कनेक्शन और पेयजल सुविधा प्राथमिकता के आधार पर मुहैया कराने का भरोसा दिलाया।
इस मानवीय पहल के दौरान शोक-संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने वालों में लोकेंद्र जायसवाल, डॉ. दिलीप यादव, सनी मद्धेशिया, राज वर्मा, गौरी शंकर, अंजनी जायसवाल, प्रमोद प्रजापति और मनोज रौनियार समेत कई स्थानीय गणमान्य लोग मौजूद रहे। दुखों के घने अंधेरे के बीच समाज का यह सहयोग पीड़ित परिवार के लिए एक संबल बनकर सामने आया है।
महाराजगंज– उत्तर प्रदेश।








































