सोनौली थानेदार बदले तो मिट्टी खनन गिरोह हुआ बेखौफ!

सोनौली थानेदार बदले तो मिट्टी खनन गिरोह हुआ बेखौफ!
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क।
थाना अध्यक्ष महेंद्र मिश्रा के स्थानांतरण के बाद सोनौली क्षेत्र में अवैध मिट्टी खनन का कारोबार एक बार फिर जोर पकड़ता नजर आ रहा है। बीते शाम से ही मिट्टी खनन से जुड़े कारोबारियों के सक्रिय होने की चर्चा है। आरोप है कि नदी क्षेत्र से मिट्टी खोदकर कस्बे के अलग-अलग स्थानों पर गड्ढों को भरने के लिए ठेके के आधार पर मिट्टी पहुंचाई जा रही है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, अवैध मिट्टी खनन में करीब एक दर्जन ट्रैक्टर-ट्रालियां लगाई गई हैं, जो सुबह से देर शाम तक मुख्य मार्गों पर मिट्टी लादकर बेखौफ दौड़ती दिखाई दे रही हैं।
सूत्रों का कहना है कि क्षेत्र में मिट्टी खनन का कारोबार करने वाले कुछ दबंग किस्म के लोग थाना अध्यक्ष के स्थानांतरण के बाद सक्रिय हो गए । चर्चा है कि नए थाना प्रभारी के क्षेत्र की पूरी स्थिति समझने से पहले ही खनन कारोबारी बड़े पैमाने पर मिट्टी खनन और परिवहन कर आर्थिक लाभ कमाने में जुट गए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि यदि नदी क्षेत्र से बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाली जा रही है और दर्जनों ट्रैक्टर-ट्रालियां मुख्य मार्गों से गुजर रही हैं, तो संबंधित विभागों की नजर इस गतिविधि पर क्यों नहीं पड़ रही है? क्या खनन और परिवहन के लिए कोई वैध अनुमति है, या फिर नियमों को ताक पर रखकर पूरा खेल चल रहा है?
मिट्टी खनन को लेकर नवागत थाना अध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि उन्हें मिट्टी खनन की कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अवैध मिट्टी खनन किसी भी दशा में नहीं होने दिया जाएगा और मिट्टी खनन कारोबारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *