सोनौली में बंद डिवाइडर बना परेशानी! रास्ता खोलने को लेकर विधायक को सौंपा पत्र

सोनौली में बंद डिवाइडर बना परेशानी! रास्ता खोलने को लेकर विधायक को सौंपा पत्र
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क। गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नगर पंचायत सोनौली के राहुल नगर और सुभाष नगर वार्ड समेत करीब आधा दर्जन से अधिक गांवों को जोड़ने वाले मार्ग पर हाईवे के बंद डिवाइडर में रास्ता खोलने की मांग तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि डिवाइडर बंद होने से ग्रामीण क्षेत्रों से सोनौली बाजार, नगर पंचायत कार्यालय, रतनपुर ब्लॉक और सरकारी अस्पताल तक आने-जाने में लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।
इसी क्रम में सोनौली के प्रबुद्ध एवं गणमान्य नागरिक मनोज सिंह के आवास पर नौतनवा विधायक ऋषि त्रिपाठी का भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम के बाद नगर पंचायत सोनौली के सभासदों और स्थानीय नागरिकों ने विधायक को पत्र सौंपकर राष्ट्रीय राजमार्ग के बंद डिवाइडर में आवागमन के लिए रास्ता खोलने की मांग की।
सौंपे गए पत्र में बताया गया कि नगर पंचायत सोनौली के अधिकांश वार्डों के साथ ही आसपास की ग्राम पंचायतों के लोगों के लिए यह मार्ग सोनौली बाजार, नगर पंचायत कार्यालय, रतनपुर ब्लॉक तथा सरकारी अस्पताल जाने का प्रमुख रास्ता है। डिवाइडर बंद होने के कारण दोपहिया वाहन, ऑटो, ई-रिक्शा और पैदल आने-जाने वाले लोगों को काफी अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रास्ता बंद होने से आम लोगों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन को भी कई क्षेत्रों में शीघ्र पहुंचने के लिए वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ता है। विशेषकर आपातकालीन परिस्थितियों में यदि डिवाइडर में आवागमन के लिए रास्ता उपलब्ध हो तो पुलिस, एंबुलेंस समेत अन्य आवश्यक सेवाओं को संबंधित क्षेत्रों तक पहुंचने में सुविधा मिल सकती है।
नगरवासियों और ग्रामीणों ने विधायक से मांग की कि जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता कर बंद डिवाइडर में उचित स्थान पर रास्ता खुलवाने की पहल की जाए, ताकि आसपास के लोगों का आवागमन सुगम हो सके।
इस अवसर पर मनोज सिंह,विनय यादव, करम हुसैन, राजेश शुक्ला, विनय सिंह,समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *