नौतनवा में पकड़ी गयी पटाखों से भरी डीसीएम, मचा हड़कंप!
नौतनवा में पकड़ी गयी पटाखों से भरी डीसीएम, मचा हड़कंप!
आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क । गुरुवार को नौतनवा नगर के शास्त्री नगर स्थित गायत्री मंदिर के पास मुखबिर की सूचना पर तहसील प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने पटाखों से भरी एक डीसीएम को पकड़ लिया। वाहन को घेराबंदी कर कब्जे में लेने के बाद नौतनवा थाने को सौंप दिया गया।
तहसीलदार कर्ण सिंह के अनुसार, सूचना मिली थी कि बड़ी मात्रा में पटाखों को गायत्री मंदिर के बगल में स्थित एक गोदाम में रखने की तैयारी की जा रही है। सूचना मिलते ही तहसीलदार पुलिस टीम और अग्निशमन विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
बताया गया कि पटाखों से भरी डीसीएम से सामान उतारकर ठेले के माध्यम से गोदाम तक पहुंचाने की तैयारी की जा रही थी। इसी दौरान टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहन को घेर लिया और पटाखों से भरी डीसीएम को अपने कब्जे में ले लिया।
कार्रवाई के बाद वाहन को नौतनवा थाने ले जाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में संबंधित अधिकारियों द्वारा पटाखों के भंडारण और परिवहन से जुड़े नियमों की जांच की जा रही है।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद नगर में पटाखों के अवैध अथवा नियम विरुद्ध भंडारण को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। खबर की पुष्टि थाना अध्यक्ष नौतनवा ने की है।








































