दोस्तों की महफिल में हुआ हादसा: सिर में गोली लगने से युवक की दर्दनाक मौत

दोस्तों की महफिल में हुआ हादसा: सिर में गोली लगने से युवक की दर्दनाक मौत, जांच में जुटी पुलिस

आई एन न्यूज नौतनवा डेस्क:
​दोस्तों के साथ चल रही एक पार्टी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। पूरनदरपुर थाना क्षेत्र के ग्राम समरधीरा चौराहे पर स्थित एक अंडे की दुकान पर दोस्तों के बीच पिस्टल के साथ लापरवाही बरतने के कारण अचानक फायर हो गया। इस हादसे में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान बीआरडी मेडिकल कॉलेज में मृत्यु हो गई।
​यह पूरी घटना 17 सितंबर की रात लगभग 8:40 बजे की है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम समरधीरा चौराहे पर स्थित एक अंडे की दुकान पर चार दोस्त एक साथ बैठकर पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान उनमें से एक युवक, जिसान हाशमी, के पास मौजूद पिस्टल और कारतूस को सभी दोस्त बारी-बारी से अपने हाथ में लेकर देखने लगे।
​इसी बीच एक युवक ने पिस्टल में कारतूस लोड करके ट्रिगर दबा दिया, हालांकि उस समय फायर नहीं हुआ। इसके बाद पिस्टल दूसरे युवक के हाथ में पहुंची। जैसे ही उसने ट्रिगर दबाया, अचानक फायर हो गया। गोली सीधे सामने बैठे जिसान हाशमी के सिर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
​घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग गंभीर रूप से घायल जिसान को इलाज के लिए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर ले गए। वहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही शुरू कर दी है।
​घटना की सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने मामले के नामजद अभियुक्तों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि यह हादसा दोस्तों के बीच अवैध हथियार (पिस्टल) के साथ की जा रही लापरवाही के कारण हुआ आकस्मिक फायर था।
​पुलिस प्रशासन का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया जा रहा है। महाराजगंज –उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *