सोनौली में इंटरलॉकिंग सड़क तोड़कर पाइपलाइन बिछाने पर हंगामा

सोनौली में इंटरलॉकिंग सड़क तोड़कर पाइपलाइन बिछाने पर हंगामा
आई एन न्यूज सोनौली डेस्क। सोनौली कस्बे के जुगौली-सोनौली लिंक रोड की पटरी पर बनी इंटरलॉकिंग सड़क को तोड़कर जल निगम की पाइपलाइन बिछाने को लेकर सोमवार को हंगामा हो गया। नगर पंचायत के सभासदों ने मौके पर पहुंचकर काम को रुकवा दिया और अनियमितता का आरोप लगाया।
जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 11 में करीब एक माह पहले ही इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। उसी सड़क को तोड़कर पेयजल के लिए नई पाइपलाइन डाली जा रही थी। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना वार्ड के लोगों के साथ भाजपा नेता एवं नगर पंचायत के मनोनीत सभासद रवि वर्मा और सभासद प्रेम जायसवाल को दी।
वार्ड वासियों का कहना था कि सड़क में पहले से ही पुरानी पाइपलाइन मौजूद है। फिर से नई पाइपलाइन के लिए एक माह पहले बनी इंटरलॉकिंग को तोड़ा जा रहा है। इससे सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। सड़क तोड़ने के बाद जल निकासी बंद हो जाएगी और सड़क पर जलजमाव की समस्या खड़ी हो जाएगी।
सूचना पर दोनों सभासद स्थानीय लोगों के साथ मौके पर पहुंचे और मजदूरों से काम बंद करने को कहा। काम रोकने की सूचना पर नगर पंचायत प्रशासन में हड़कंप मच गया। विवाद बढ़ने से पहले ही नगर पंचायत प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर मामला संभाला।
नगर पंचायत प्रशासन ने आश्वासन दिया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद उसी बजट से ठेकेदार द्वारा सड़क को पहले जैसी स्थिति में ठीक करा दिया जाएगा। आश्वासन के बाद कार्य फिर से शुरू करा दिया गया।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं नगर पंचायत के वरिष्ठ लिपिक ने बताया कि नगर के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छ जल पहुंचाने का कार्य चल रहा है। जहां भी सड़क खराब होगी, उसकी पुनः मरम्मत करा दी जाएगी। अब कहीं कोई विवाद नहीं है।
महाराजगंज— उत्तर प्रदेश।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *