कासगंज:मुख्य आरोपियों पर कुर्की की तैयारी, 6 एफआईआर, अब तक 118 हिरासत में
कासगंज में चंदन गुप्ता की हत्या के मुख्य आरोपियों पर पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की तैयारी कर ली है। इसके लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया गया है।सोमवार को मृतक चंदन की शोकसभा में लोगों ने वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे लगाए। इससे पहले चंदन के घर सहायता राशि का चेक देने पहुंचे डीएम को परिवारीजनों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। परिवार मृतक को शहीद का दर्जा देने की मांग पर अड़ा है।
बता दें कि कासगंज में रविवार शाम को शहर ने अमन की ओर कदम बढ़ाए। लेकिन, उपद्रवियों ने रात में शांति की कोशिशों पर फिर पानी फेर दिया। शनिवार देर रात से रविवार रात तक शहर-देहात में छह जगह आगजनी की गई। रविवार को लखनऊ में डीजीपी ओमप्रकाश सिंह ने आरोपियों पर रासुका के तहत कार्रवाई करने की बात कही।
सोमवार को प्रदेश सरकार के प्रवक्ता व स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने कासगंज में हालात सामान्य होने व दुकानों के खुलने की बात कही लेकिन शहर में बाजार और स्कूल आंशिक रूप से खुले। शाम को चंदन के लिए शोक सभा का आयोजन किया गया। बवाल की आशंका के चलते शोकसभा स्थल के पास काफी फोर्स तैनात रहा।
इधर, स्थानांतरण के तुरंत बाद एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने कासगंज पहुंचकर चार्ज संभाल लिया। सोमवार को दिन में हिंसा की वारदात सामने नहीं आई। पुलिस ने चंदन की हत्या के मुख्य आरोपी वसीम सहित अन्य की गिरफ्तारी न होने पर कुर्की की तैयारी कर ली है। सोमवार शाम तक हिंसा के मामले में अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया। अब तक कुल 118 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी हैं। 6 एफआईआर मामले में दर्ज की जा चुकी हैं।





