अनोखा बैंक:यहां कर्ज लेने के लिए गारंटर व कागजात की जरूरत नहीं

आई एन न्यूज सिद्धार्थनगरः यूपी के सिद्धार्थनगर नगर में एक अनोखा बैंक है। यह बैंक बिना ब्याज और गारंटी के लोगों को कर्ज देता है। इस बैंक में कर्ज लेने के लिए गारंटर व कागजात की जरूरत नहीं होती। अब तक इस बैंक से 1600 से ज्यादा सदस्य जुड़ चुके हैं।
जानकारी के मुताबिक यह बैंक वर्ष 1980 से डुमरियागंज कस्बे के बयारा गांव में ‘बैतुलमाल सोसायटी’ के नाम से चल रहा है। 39 वर्ष में अब तक यह बैंक 3000 से अधिक लोगों की मदद कर चुका है और बिना ब्याज-गारंटी के कर्ज लेने वाले जरूरतमंद कर्ज की रकम अपनी सुविधा से लौटाते हैं। यही नहीं अगर कोई बैंक में अपनी रकम रखना चाहता है, तो उसे भी सुरक्षित रखा जाता है।
बैंक के सचिव अब्दुल बारी ने बताया कि आज बैंक के खाताधारकों की ओर से जमा की गई छोटी-बड़ी धनराशि से बैंक के पास एक करोड़ रुपए हैं, जो सोसायटी के नाम से पूर्वांचल बैंक में खुले खाते में जमा किया जाता है। बैंक से रकम पर जो ब्याज मिलता है, उसे गरीबों में खर्च किया जाता है।





