BJP विधायक का दावा, जनता की कसौटी पर खरी उतरी है योगी सरकार

इंडो नेपाल न्यूज ब्यूरो झांसी: योगी आदित्यनाथ सरकार की एक साल की उपलब्धियां जनता के बीच गिनाने के भाजपा के राज्यव्यापी अभियान के तहत झांसी के विधायक ने आज दावा किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के बूते सरकार एक साल में ही जनता की कसौटी पर खरी उतरी है।
झांसी के सदर विधायक पंडित रवि शर्मा ने सरकार को विभिन्न क्षेत्रों में हासिल हुई तमाम उपलब्धियां तो गिनाई, मगर अपने ही विधानसभा क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के सवाल पर विधायक उतनी साफगोई से जवाब नहीं दे पाए। सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता के दौरान ‘एक साल नई मिसाल’ नाम से योगीराज की उपलब्धियों पर पत्रिका जारी करते हुए शर्मा ने बताया कि राज्य में 22 करोड़ लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार चलाई जा है। उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री काबिले तारीफ है।
हमारे प्रदेश के लोग कैसे खुशहाल हों, उनकी कठिनाईयां कैसे दूर हों, इस बारे में योगीजी ने बहुत काम किए। इतने छोटे से कार्यकाल में सरकार ने लगभग हर क्षेत्र में काम किया। राज्य के लोगों की परेशानियों को सरकार कैसे दूर कर पाए इसके लिए मुख्यमंत्री योगी जी हमेशा से संवेदनशील रहे और उसी संवेदनशीलता के साथ उन्होंने काम किया। पिछले 14 वर्षो से बिगड़ी कानून व्यवस्था में सुधार लाना सरकार के सामने एक बहुत बड़ी चुनौती थी और इस चुनौती को स्वीकार करते हुए सरकार ने कानून व्यवस्था को सुधारने का प्रभावी काम किया है।
शिक्षा के क्षेत्र में बेसिक विद्यालयों में सुधार का काम सरकार ने काम किया। आज गरीब के बच्चे को सर्वोत्तम शिक्षा मिलने लगी। सीएम ने शिक्षा विभाग की पटरी से उतरी व्यवस्था में अभूतपूर्व सुधार किए और विद्यालयों में दी जाने वाली शिक्षा को गुणवत्ता युक्त बनाया। उन्होंने कहा कि पहले बिजली के आने पर खबर बनती थी अब बिजली के जाने पर खबर बनती है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में बिजली 23-24 घंटे मिलती है। जिस महानगर में हम बैठे हैं वहां भी बिजली आपूर्ति में कितना सुधार हुआ है इसे सभी भलीभांति जानते हैं। हम चुनाव पूर्व संकल्प पत्र में किए गए वादों को पूरा कर रहे हैं। हमारे किए वादे केवल चुनावी वादे नहीं हैं हम धरातल पर उन वादों को मूर्त रूप देने का भी काम कर रहे हैं।मुख्यमंत्री हर योजना को जमीन तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने आम जनमानस तक योजनाओं के लाभ पहुंचाने का काम किया है।





