दो नाइजीरियन आधा किलो हैरोइन सहित गिरफ्तार

आई एन न्यूज ब्यूरो मोहाली :एस.टी.एफ. ने आधा किलोग्राम हैरोइन और 25 हजार रुपए की ड्रग मनी सहित दो नाइजीरियन नागरिकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम चुकुबिके और साइबू मलिक हैं जो मूलरूप में लोगास स्टेट नाइजीरिया के रहने वाले हैं। नई दिल्ली के विपन गार्डन क्षेत्र में रह रहे थे। साइबू मलिक फुटबाल का नैशनल लैवल का खिलाड़ी है।
एस.टी.एफ. के एस.पी. राजिन्द्र सिंह सोहल ने बताया कि एस.टी.एफ. की टीम को गुप्त सूचना थी कि दोनों आरोपी वाई.पी.एस. चौक से कुंभड़ा चौक की ओर पैदल जा रहे हैं। दोनों के पास भारी मात्रा में हैरोइन है जो ग्राहकों को सप्लाई करनी है। पुलिस ने उन्हें कुंभड़ा चौक के पास गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया।
कपड़ा बेचते-बेचते तस्कर बन गया चुकुबिके :
दोनों आरोपियों से की गई पूछताछ में पता चला है कि चुकुबिके नाम का आरोपी दिल्ली में कपड़े और विग बनाकर बेचता था। बाद में वह आसान ढंग से पैसा कमाने के चक्कर में नशा तस्कर बन गया। दूसरे आरोपी साइबू मलिक ने बताया कि वह वर्ष 2012 में नाइजीरिया से इंडिया आया था। वह फुटबाल का नैशनल लैवल का खिलाड़ी है। वह केरला, छत्तीसगढ़, चेनई में फुटबाल की टीमों में खेल चुका है।






