मगहर में अाज जनसभा को संबोधित करेंगे मोदी, 2019 के लोकसभा चुनावों के मद्देनजर प्रचार की शुरुआत
इंडो नेपाल न्यूज ब्यूरो गोरखपुरः प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पड़ोस के संत कबीर नगर में वीरवार को ‘संत कबीर अकादमी’की आधारशिला रखेंगे और मगहर में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री संत कबीर दास की परिनिर्वाण स्थली जाएंगे। वह एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसे भाजपा 2019 के लोकसभा चुनावों के मद्देनजर प्रचार की शुरुआत के रूप में देख रही है।
भाजपा के जोनल उपाध्यक्ष सत्येन्द्र सिन्हा ने कहा,‘‘प्रधानमंत्री ने 2014 में गोरखपुर की गोरक्षपीठ से एक संदेश दिया था, जिसके सकारात्मक परिणाम रहे थे, उसी तरह वह इस बार कबीर दास की निर्वाण स्थली से संदेश देंगे। उन्होंने बताया कि राज्य के सात पूर्वी जिलों की जनता से पार्टी कार्यकर्ता संपर्क कर रहे हैं। जनसभा में वीरवार को विशाल जनसमूह आने की उम्मीद है।
सिन्हा ने बताया कि पार्टी राज्य में इस वर्ष चुनावी वर्ष होने के कारण और रैलियों का आयोजन करने की योजना बना रही है। भाजपा के जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर के रास्ते संत कबीर नगर पहुंचेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। खुद मुख्यमंत्री तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। जनसभा में दो लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर से मगहर लगभग 30 किलोमीटर है। मोदी हेलीकाप्टर से वहां जाएंगे। 





