किन्नरों का सड़क पर नग्न प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की; 5 गिरफ्तार
किन्नरों का सड़क पर नग्न प्रदर्शन, पुलिस से धक्का-मुक्की; 5 गिरफ्तार
आई एन न्यूज झांसी डेस्क:
उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में बधाई (शगुन) वसूली के इलाके को लेकर किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच जारी विवाद ने शनिवार (24 अक्टूबर) को विकराल रूप ले लिया। नवाबाद थाना क्षेत्र स्थित एसएसपी कार्यालय और पुलिस लाइन गेट के बाहर किन्नरों के एक गुट ने जमकर हंगामा, नारेबाजी और नग्न प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैरियर लगाकर करीब एक घंटे तक यातायात ठप रखा, राहगीरों से बदसलूकी की और बीच-बचाव करने आई पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की व मारपीट की। पुलिस ने मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए 5 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, किन्नर समुदाय के दो गुटों के बीच लंबे समय से शगुन वसूली के क्षेत्र (इलाके) के बंटवारे को लेकर खींचतान चल रही थी। इसी विवाद के तहत गत 21 अक्टूबर को कोछा भांवर मोहल्ले में दोनों गुट आमने-सामने आ गए थे। उस दौरान हुए तीखे विवाद के बीच एक किन्नर (अंशिका उर्फ अभिषेक) ने फिनायल पीकर आत्महत्या का प्रयास भी किया था।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस प्रशासन पर दूसरे गुट का पक्ष लेने और उचित सुनवाई न करने का आरोप लगाया। इसी नाराजगी के चलते शनिवार को किन्नर समुदाय के एक गुट ने लामबंद होकर एसएसपी कार्यालय और पुलिस लाइन के बाहर डेरा डाल दिया।
24 अक्टूबर की शाम को प्रदर्शनकारियों का गुस्सा अचानक बेकाबू हो गया। देखते ही देखते प्रदर्शनकारी सड़क के बीचों-बीच बैरियर खींचकर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। किन्नरों ने विरोध जताने के नाम पर अपने कपड़े उतारकर नग्न प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इस दौरान सड़क से गुजरने वाले आम राहगीरों और वाहन चालकों के साथ भी बदसलूकी की गई। जब स्थिति संभालने के लिए नवाबाद थाना पुलिस और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तो प्रदर्शनकारी किन्नर उनसे भी उलझ गए। पुलिस कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। करीब एक घंटे से अधिक समय तक इस अप्रत्याशित हंगामे के कारण पूरे इलाके में हड़कंप मचा रहा और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
उत्तर प्रदेश।


