अब 100 पर दर्ज करा सकते हैं एफआईआर: DGP

अब 100 पर दर्ज करा सकते हैं एफआईआर: DGP

आई एन न्यूज लखनऊ ब्यूरो। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा कि लोगों को सुविधा देने के लिए यूपी 100 की एक और योजना प्रस्तुत हो रही है। लोगों के सौ नम्बर डायल करने पर एफआईआर दर्ज करने की सुविधा दे दी गयी है। अभी गाजियाबाद और नोएडा में इसका ट्रायल हो रहा है, सफल होने पर पूरे प्रदेश इसे लागू किया जाएगा।

गाजियाबाद में यूपी 100 के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि बनकर पहुंचे पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता को सुरक्षा व सुविधा देने के लिए यूपी पुलिस वचनबद्ध है। इसके लिए सौ नम्बर डायल करने की योजना कारगर सिद्ध हुई है। इसी क्रम में सौ नम्बर डायल करने पर एफआईआर की भी तैयारी कर ली गयी है। आगे जनता की सुविधा को देखते हुए मोबाइल एप की योजना लागू की जा सकती है, जिसे अपने मोबाइल पर क्लिक कर चलाया जा सकेगा।

पुलिस महानिदेशक ने कहा कि उत्तर प्रदेश में बढ़े अपराध को नियंत्रित करने में हमने सफलता प्राप्त की है। ऐसा कोई दिन नहीं है, जब इनामी अपराधी पकड़े ना जा रहे हों। आंकड़ों को समझे तो 1 जनवरी से 31 अगस्त तक डकैती में 36 प्रतिशत की कमी आई है। इसी में दुष्कर्म की घटनाओं में 6.58 प्रतिशत की कमी आई है और लूट की घटना में 19 प्रतिशत की कमी पायी गयी है। यूपी पुलिस ने लक्ष्य करते हुए गैंग बनाकर अपराध करने वाले गैंगस्टरों व सफेदपोशों के खिलाफ कार्रवाई की है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 36 नए थानों ओर चौकियों को खोले जाने का प्रस्ताव प्रदेश की सरकार को भेजा गया है। पूरे प्रदेश में 130 हजार नये पुलिस कर्मियों की भर्ती होगी। विकास के क्रम में महिला पीएससी बटालियन के लिए तीन जमीनों की तलाश की जा रही है, जहां जल्द ही कार्यालय तैयार होंगे। प्रदेश में आतंकी खतरे को देखते हुए यूपी पुलिस और एनआईए साथ साथ मिलकर आपरेशन को अंजाम दे रहें हैं। पिछले कुछ माह में आतंकी पकड़े भी गये है।

42-42 दो पहिया वाहनों को हरी झंडी दिखायी

गाजियाबाद पहुंचे पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह ने यूपी 100 कार्यक्रम में गाजियाबाद एवं नोएडा के लिए 42-42 दो पहिया वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम से निकलने के बाद कुछ देर रुक कर पुलिस महानिदेशक हापुड़ के लिए रवाना हो गए।


Translate »