मऊ में फल – फूल रहा था नकली नोटो का वर्कशॉप , साथी सहित गिरफ्तार। मऊ। उत्तर प्रदेश में मऊ जनपद के कोतवाली क्षेत्र में एक युवक नकली नोटों के कारोबार से इस कदर जुड़ा कि खुद अपने घर में ही नकली नोट का वर्कशॉप चलाने लगा। कोतवाली पुलिस ने युवक के घर पर छापेमारी कर एक कमरे में चल रहे नकली नोट , नोट में प्रयोग होने वाला कागज, लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाइल इत्यादि उपकरण बरामद कर लिए।इस मामले में पुलिस ने वर्कशॉप संचालक युवक सहित तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। शहर कोतवाली में प्रेस कांफ्रेंस में पुलिस अधीक्षक ललित कुमार सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली के मालिक ताहिर पुरा निवासी मंसूर अहमद पुत्र अफजल काफी दिनों से नकली भारतीय मुद्रा का व्यवसाय करता था। वह नेपाल के बीरगंज से भारतीय मुद्रा लाकर ग्रामीण इलाकों में सप्लाई करता था। नोटबंदी के पश्चात पुरानी मुद्रा का धंधा बंद हो गया, तब वह कई बार नई नोट लाकर शहरी क्षेत्रों में चलाने का प्रयास किया लेकिन नोट नहीं चल सका। उसके बाद वह घर पर ही कलर प्रिंटर, स्केनर इत्यादि रखकर 10/-, 20/- के असली स्टांप पेपर खरीदकर उसके कागज पर बड़े मूल्य के दो हजार और 500 के नोटों की छपाई कर बड़े आराम से मार्केट में खपा दिया करता था। इस संबंध में एटीएस यूनिट वाराणसी व कोतवाली नगर द्वारा संयुक्त अभियान में युवक के घर छापेमारी कर एक कमरे में नोट छपाई कारखाना पकड़ा गया। जिसमें मुख्य अभियुक्त मंसूर पुत्र अफजाल के साथ नगर के ही मुंशीपुरा निवासी तालिब अंसारी व उस्मान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में पुलिस ने ₹139,300/- बरामद करते हुए एक लैपटॉप, प्रिंटर, मोबाईल इत्यादि के साथ ₹10 के 124 स्टांप पेपर बरामद किए। संबंध में मुकदमा दर्ज कर अपराधियों को जेल भेज दिया गया।