26 साल बाद फिर बड़ी हलचल से रूबरू हो रही अयोध्या।
26 साल बाद फिर बड़ी हलचल से रूबरू हो रही अयोध्या।
आई एन न्यूज अयोध्या डेस्क: अयोध्या 26 साल बाद फिर बड़ी हलचल से रूबरू होने जा रही है। 25 नवंबर को विश्व हिन्दू परिषद ने अयोध्या में धर्मसभा का आयोजन किया है। भक्तमाल आश्रम के निकट 90 बीघा जमीन पर यह धर्मसभा होगी। जहां 80 फिट के मंच का निर्माण हो रहा है। अयोध्या के स्कूल-धर्मशालाओं में अतिथियों को ठहराने के इंतजाम हैं। धर्मसभा में तमाम संत, हिन्दूवादी नेता शामिल होंगे। आयोजकों का दावा है कि इस धर्मसभा में 25 लाख रामभक्त इकट्ठा होंगे। इसे विहिप का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है। अगर इतनी भीड़ अयोध्या पहुंची तो यह 1992 के बाद सबसे बड़ा जमावड़ा होगा। मुख्यमंत्री ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश दिए हैं।
आंदोलन को धार दे रहा संघ परिवार——–
राम मंदिर मामला सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। दूसरी ओर संघ परिवार धर्मसभा के जरिए राम मंदिर निर्माण के लिए आंदोलन खड़ा करने की कोशिश में है। संघ के ज्यादातर आनुषांगिक संगठन और शिवसेना भी सक्रिय है। विहिप के अंतर्राष्ट्रीय उपाध्यक्ष चंपत राय हफ्ते भर से अयोध्या में डेरा डाले हैं। उन्होंने कहा-25 नवंबर को अयोध्या में तो धर्मसभा होगी ही, देश में 500 अन्य स्थानों पर भी धर्मसभाएं की जाएंगी। भाजपा के अवध क्षेत्र के संगठन पदाधिकारी, विधायक-सांसद भी तैयारियों में लगाए गए हैं। उन्हें धर्मसभा में आने वालों को अयोध्या में ठहराने, लोगों को धर्मसभा में लाने की जिम्मेदारी दी गई है। अयोध्या के कई स्कूलों-मंदिरों व धर्मशालाओं में इंतजाम कराए जा रहे हैं।





